देश में कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन 16 जनवरी से शुरू हो जाएगा। इस बीच, एक बुरी खबर है। महाराष्ट्र में संक्रमण से जान गंवाने वालों की संख्या 50 हजार के पार हो गई है। पिछले 24 घंटे के अंदर राज्य में 57 लोगों की जान चली गई। इसी के साथ मरने वालों का आंकड़ा 50 हजार 27 हो गया। पूरी दुनिया में महाराष्ट्र इकलौता ऐसा राज्य है जहां 50 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। दूसरे नंबर पर अमेरिका का न्यू यॉर्क स्टेट है। यहां 39 हजार 298 मौतें हुई हैं।
24 घंटे में 3581 नए मरीज मिले
राज्य सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, शनिवार को राज्य में 3581 लोग कोरोना संक्रमित मिले, जबकि 2401 लोग रिकवर हो गए। अब तक यहां 19 लाख 65 हजार 556 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 61 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं। 52 हजार 960 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।
पॉजिटिविटी रेट घटकर 5.79% हुआ
मिनिस्ट्री ऑफ हेल्थ एंड फैमिली वेलफेयर ने शनिवार को बताया कि देश में कोरोना वायरस के पॉजिटिविटी रेट में और गिरावट आई है। अब देश में एक्टिव केस सिर्फ 2.15% रह गए हैं। पिछले पांच महीने में पॉजिटिविटी रेट 8.93% से घटकर 5.79% पर आ गया है। इस बीच, भारत में ब्रिटेन के नए स्ट्रेन से संक्रमित लोगों की संख्या 90 हो गई है।

अब तक 1.04 करोड़ केस
देश में अब तक 1 करोड़ 4 लाख 49 हजार 964 लोग संक्रमित हो चुके हैं। राहत की बात है कि इनमें 1 करोड़ 73 हजार 593 लोग ठीक भी हो चुके हैं। 1 लाख 51 हजार 22 मरीजों की मौत हो चुकी है। इस समय 2 लाख 21 हजार 37 मरीजों का इलाज चल रहा है। यह कुल पॉजिटिव मामलों का सिर्फ 2.15% हैं। हेल्थ मिनिस्ट्री की ओर से बताया गया है कि रिकवर और एक्टिव केस के बीच अंतर लगातार बढ़ रहा है।
नई 78.89 % रिकवरी दस राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों में हुई है। केरल में 5,324 लोग इस बीमारी से उबरे हैं। महाराष्ट्र और पश्चिम बंगाल ने यह संख्या 2,890 और 1,136 है। इसके अलावा, पिछले 24 घंटों में कुल 228 मौतों में से 76.32% सात राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों में हुई है। महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा 73 मौतें हुईं। केरल ने 23 और पश्चिम बंगाल में 21 लोगों ने दम तोड़ दिया।
कोरोना अपडेट्स
-
ओडिशा के गजपति जिले शनिवार को 26 टीचर और दो स्टूडेंट्स कोरोना पॉजिटिव पाए गए। यहां एक दिन पहले ही दसवीं और बारहवीं के स्टूडेंट्स के लिए स्कूल में क्लास शुरू की गई हैं।
-
झारखंड विधानसभा के स्पीकर रबींद्रनाथ महतो कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। सोशल मीडिया पर उन्होंने इसकी जानकारी दी।
-
शनिवार को UK से एयर विस्तारा की फ्लाइट दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हुई। इसमें सवार 256 यात्रियों का कोरोना टेस्ट हुआ। 4 घंटे के अंदर 255 लोगों का रिजल्ट आया और सभी निगेटिव निकले। एक सैंपल की रिपोर्ट अभी पेंडिंग है।
-
आगरा में हर साल होने वाला ताज महोत्सव इस बार नहीं होगा। कोरोना की वजह से इसे रद्द कर दिया गया है। इस बार यह महोत्सव 18 से 28 फरवरी तक होना था। इससे पहले से मंदी की मार झेल रहे टूरिज्म सेक्टर को बड़ा झटका लगा है। इस महोत्सव में हिस्सा लेने के लिए दुनिया भर से लोग आते थे। ताजमहल परिसर के करीब बने शिल्पग्राम में देश के कारीगर अपना हुनर दिखाने पहुंचते थे। डिविजनल कमिश्नर अनिल कुमार ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि कोरोना के कारण इस बार यह आयोजन करना मुमकिन नहीं होगा।
-
कोरोना से लगातार बिगड़ते हालात के बीच केरल सरकार ने राज्य में स्पा और आयुर्वेदिक रिजॉर्ट्स फिर से खोलने का फैसला लिया है। वायरस के कारण इन्हें बंद किया गया था। टूरिज्म मिनिस्टर कडकम्पल्ली सुरेंद्रन ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। सुरेंद्रन ने बताया कि राज्य के टूरिज्म सेक्टर को कोरोना और लॉकडाउन के कारण 15,000 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। केरल देश के सबसे ज्यादा कोरोना प्रभावित और पॉजिटिविटी रेट वाले राज्यों में शामिल है। यहां अब तक आठ लाख एक हजार 76 केस हो चुके हैं।
- डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (DGCA) ने वैक्सीन के ट्रांसपोर्टेशन को लेकर गाइडलाइन जारी की है। इसके मुताबिक वैक्सीन को ड्राई आईस में बंद करके एयरक्राफ्ट से देश के अलग-अलग हिस्सों में पहुंचाया जाएगा।
-
शुक्रवार को लंबे समय बाद 11 राज्य और केंद्र शासित राज्यों में कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। इसमें राजस्थान, असम, गोवा, पुडुचेरी, मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, लद्दाख, सिक्किम, अंडमान निकोबार, मिजोरम, दादर एंड नागर हवेली जैसे बड़े राज्य और केंद्र शासित राज्य शामिल हैं।
-
देश के 15 राज्यों / केंद्र शासित प्रदेशों में पॉजिटिविटी रेट नेशनल एवरेज से कम है। बिहार में यह सबसे कम 1.44% है। जम्मू-कश्मीर में पॉजिटिविटी रेट 5.58% है। इस लिस्ट में उत्तर प्रदेश, मिजोरम, झारखंड, गुजरात, दमन और दीव, असम, पंजाब, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, ओडिशा, तेलंगाना, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और मेघालय शामिल हैं।
5 राज्यों का हाल
1. दिल्ली
राज्य में शनिवार को 519 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 603 लोग रिकवर हुए और 12 की मौत हुई। अब तक 6 लाख 29 हजार 801 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 6 लाख 15 हजार 452 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 10 हजार 666 की मौत हो चुकी है। 3683 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

2. मध्यप्रदेश
राज्य में शनिवार को 541 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 826 लोग रिकवर हुए और 10 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 47 हजार 977 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 36 हजार 247 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 3701 मरीजों की मौत हो चुकी है। 8029 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

3. गुजरात
राज्य में पिछले 24 घंटे के अंदर 675 लोग संक्रमित मिले। 851 लोग रिकवर हुए और 5 की मौत हो गई। अब तक 2 लाख 51 हजार 273 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 2 लाख 39 हजार 65 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 4340 मरीजों की मौत हो चुकी है। 7868 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

4. राजस्थान
राज्य में शनिवार को 430 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए। 1098 लोग रिकवर हुए और 4 की मौत हो गई। अब तक 3 लाख 12 हजार 521 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 3 लाख 3 हजार 60 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 2731 मरीजों की मौत हो चुकी है। 6730 मरीज ऐसे हें जिनका इलाज चल रहा है।

5. महाराष्ट्र
राज्य में शनिवार को 3581 लोग कोरोना संक्रमित मिले। 2401 लोग रिकवर हुए और 57 की मौत हो गई। अब तक 19 लाख 65 हजार 556 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं। इनमें 18 लाख 61 हजार 400 लोग ठीक हो चुके हैं, जबकि 50 हजार 27 मरीजों की मौत हो चुकी है। 52 हजार 960 मरीज ऐसे हैं जिनका इलाज चल रहा है।

आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें