कोरोना प्रोटोकॉल तोड़ने के आरोपों का सामना कर रहे टीम इंडिया के 5 में से 4 खिलाड़ियों को सिडनी टेस्ट में जगह मिल गई है। सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरा टेस्ट गुरुवार से शुरू होने जा रहा है। मेलबर्न के एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पर रोहित शर्मा, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, नवदीप सैनी और पृथ्वी शॉ विवादों में आ गए थे। इनमें से पृथ्वी को छोड़कर बाकी खिलाड़ियों को टीम में चुन लिया गया है।
टीम में 2 बदलाव किए गए हैं। मयंक अग्रवाल की जगह टीम में आए उप-कप्तान रोहित टीम शुभमन के साथ ओपनिंग करेंगे। वहीं, तेज गेंदबाज नवदीप सैनी टेस्ट में डेब्यू करेंगे। उन्हें उमेश यादव की जगह शामिल किया गया है।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और BCCI 5 खिलाड़ियों की जांच कर रहा
रोहित शर्मा, शुभमन गिल, ऋषभ पंत, नवदीप सैनी और पृथ्वी शॉ 1 जनवरी को मेलबर्न के एक रेस्टोरेंट में डिनर के लिए गए थे। वहां ये आउटडोर की जगह इनडोर सिटिंग में बैठे थे। एक फैन ने इन सभी का बिल चुकाया था और वीडियो भी बनाया था। इसी के बाद खिलाड़ियों पर कोरोना प्रोटोकॉल और बायो बबल से जुड़े नियम तोड़ने का आरोप लगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और BCCI इनके खिलाफ जांच कर रहा है। पांचों खिलाड़ी आइसोलेट किए गए थे। सिडनी पहुंचने से पहले इनकी कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है।
टीम इस तरह है
अजिंक्य रहाणे (कप्तान), रोहित शर्मा (उप-कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, हनुमा विहारी, ऋषभ पंत, रविंद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, नवदीप सैनी, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज।
ओपनर रोहित शर्मा टेस्ट में एक साल बाद वापसी कर रहे
रोहित ने पिछला टेस्ट मैच नवंबर 2019 में बांग्लादेश के खिलाफ खेला था। तब वे टीम में बतौर ओपनर खेले थे। अब तक 32 टेस्ट खेल चुके रोहित ने सिर्फ 5 टेस्ट बतौर ओपनर खेले हैं। ये पांचों मैच उन्होंने 2019 में भारत में खेले। इसके बाद न्यूजीलैंड में हुई टेस्ट सीरीज से पहले वे चोटिल होकर टीम से बाहर हो गए थे। मौजूदा सीरीज के पहले दो टेस्ट भी वे चोटिल होने के चलते नहीं खेल सके।
रोहित ने बतौर ओपनर खेली छह पारियों में 176, 127, 14, 212, 6 और 21 रन बनाए हैं। उनके टेस्ट करियर का बेस्ट स्कोर भी 212 रन है, जो उन्होंने ओपनर के तौर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाया था।
मिडिल ऑर्डर में पुजारा और हनुमा खराब फॉर्म से जूझ रहे
चेतेश्वर पुजारा और हनुमा विहारी मिडिल ऑर्डर में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। दोनों ने सीरीज में 2-2 टेस्ट खेले हैं। इसमें पुजारा ने 63 और विहारी ने 45 रन ही बनाए हैं। टीम की जीत के लिए इनका फॉर्म में आना जरूरी है। मिडिल ऑर्डर में अजिंक्य रहाणे पर दारोमदार है। वे कोहली की गैरमौजूदगी में कप्तानी संभाल रहे हैं और अब तक सीरीज के टॉप स्कोरर भी हैं।
गेंदबाजी में अश्विन-जडेजा के साथ बुमराह पर दारोमदार
गेंदबाजी में शमी और उमेश के बाहर होने के बाद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा पर गेंदबाजी की जिम्मेदारी होगी। इन्होंने अपने दम पर ही टीम को दूसरा टेस्ट भी जिताया था। सीरीज में अश्विन और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने सबसे ज्यादा 10-10 विकेट लिए हैं।
##
खराब फॉर्म की वजह से मयंक टीम से बाहर
मयंक अग्रवाल पिछले कुछ मैचों से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे हैं। उन्होंने पिछले 5 मैच की 9 पारियों में 147 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 58 रन का रहा है।
मयंक ने आखिरी 5 टेस्ट मैच में सिर्फ 147 रन बनाए
पहली पारी | दूसरी पारी | खिलाफ | मैदान | साल |
14 रन | मौका नहीं मिला | बांग्लादेश | ईडन गार्डन्स | 22 नवंबर, 2019 |
34 रन | 58 रन | न्यूजीलैंड | बेसिन रिजर्व | 21 फरवरी, 2020 |
7 रन | 3 रन | न्यूजीलैंड | हेगले ओवल | 29 फरवरी, 2020 |
17 रन | 9 रन | ऑस्ट्रेलिया | एडिलेड ओवल | 17 दिसंबर, 2020 |
0 | 5 रन | ऑस्ट्रेलिया | मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड | 26 दिसंबर, 2020 |
तीन भारतीय खिलाड़ी चोटिल होकर सीरीज से बाहर
टीम इंडिया के 3 खिलाड़ी मोहम्मद शमी, उमेश यादव और लोकेश राहुल चोटिल होकर सीरीज से बाहर हो चुके हैं। रेग्युलर कप्तान विराट कोहली पहले टेस्ट के बाद पैटरनिटी लीव पर हैं। ऐसे में टीम की मुश्किलें काफी बढ़ चुकी हैं।
मौसम और पिच रिपोर्ट
सिडनी में गुरुवार को बारिश की आशंका है। इसके बाद अगले 4 दिन बादल छाए रहेंगे। न्यूनतम तापमान 16 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। सिडनी की पिच से बल्लेबाजों को मदद मिलेगी। टेस्ट के चौथे और पांचवें दिन स्पिनर्स को भी मदद मिलेगी। ब्रिस्बेन और पर्थ की पिच की तरह यहां तेज गेंदबाजों को एक्स्ट्रा बाउंस नहीं मिलेगा।
Download Dainik Bhaskar App to learn Latest Hindi News Today