राजधानी लखनऊ में रविवार की रात एक महिला सिपाही का शव उसके कमरे में फांसी के फंदे से लटकता मिला। उसकी तैनाती UP 112 में मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में थी। वह क्षेत्र के मऊ में किराए के मकान में रहती थी। मृतका का मोबाइल पुलिस को गायब मिला है। पुलिस इसे सुसाइड मान रही है। FIR दर्ज करते हुए पुलिस सुसाइड के कारणों की तलाश कर रही है।
अयोध्या की रहने वाली थी मृतका
अयोध्या जिले की रहने वाली 2018 बैच की महिला सिपाही उर्मिला राजधानी लखनऊ में मोहनलालगंज क्षेत्र के मऊ में किराए के मकान में रहती थी। रविवार रात 10 बजे से उसकी ड्यूटी थी। लेकिन, जब वह ड्यूटी पर नहीं आई तो विभाग उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही थी। तभी पड़ोसियों से पुलिस को उसकी आत्महत्या करने की सूचना मिली। पुलिस पूरे मामले में सुसाइड की वजह पारिवारिक कारण मान रही है। ACP प्रवीण मलिक ने बताया कि सुसाइड नोट नहीं मिला है। इसी वजह से इस बात का पता नहीं चला कि आखिर उर्मिला ने आत्महत्या क्यों की? मौके से उनका मोबाइल भी नहीं मिला है। मोबाइल की खोजबीन की जा रही है।
सुसाइड से पहले खेला था बैडमिंटन
अब तक की जांच में सामने आया है कि सिपाही देर रात तक महिला सिपाहियों के साथ बैडमिंटन खेल रही थीं। बताया जा रहा है कि उर्मिला के अलावा हॉस्टल में थाने की दरोगा और महिला पुलिस कर्मी रहती हैं। देर शाम उर्मिला उनके साथ बैडमिंटन भी खेल रही थीं। उसके बाद वह अपने कमरे में चली गई थी। उर्मिला के मोबाइल से उसकी मौत के रहस्य से पर्दा उठ सकता है।
Download Dainik Bhaskar App to learn Latest Hindi News Today