किसानों के केंद्रीय कृषि सुधार कानून रद्द करवाने के लिए 26 जनवरी को दिल्ली में की जा रही ट्रैक्टर परेड के समर्थन में राजनीतिक दल भी खुलकर सामने आने लगे हैं। सोमवार को किसान आंदोलन के समर्थन में यूथ अकाली दल ने जालंधर में ट्रैक्टर रैली निकाली। प्रतापपुरा से शुरू हुई यह ट्रैक्टर रैली गुरु तेग बहादुर नगर तक पहुंची। इस दौरान लोगों से अपील की गई कि आगामी 26 जनवरी को दिल्ली में होने वाली किसानों की ट्रैक्टर परेड में पहुंचे।
केंद्र सरकार रद्द करे कानून
ट्रैक्टर रैली की अगुवाई करते हुए यूथ अकाली दल के पंजाब प्रधान परमबंस सिंह बंटी रोमाणा ने कहा कि केंद्र सरकार के कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ किसान दिल्ली बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे हैं। कई किसान जान भी गंवा चुके हैं, इसके बावजूद केंद्र सरकार कानूनों को रद्द न करने पर अड़ी हुई है। उन्होंने कहा कि अगले 10 दिन भी इसी तरह की रैलियां निकाली जाएंगी, जिसके जरिए लोगों को संदेश दिया जाएगा कि वो अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली में होने वाली ट्रैक्टर परेड में हिस्सा लें। उन्होंने कहा कि पार्टीबाजी से ऊपर उठकर वो किसानों के समर्थन में आए हैं।
Download Dainik Bhaskar App to learn Latest Hindi News Today